CG News: बस्तर प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्रों का प्रदर्शन, प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
CG News: जगदलपुर स्थित धुरगुड़ा प्रयास आवासीय विद्यालय के सैकड़ों छात्र आज बस से बस्तर कलेक्टोरेट पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. छात्रों ने पढ़ाई, हॉस्टल व्यवस्था और स्कूल की सुविधाओं को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए. अचानक बड़ी संख्या में छात्रों के कलेक्टोरेट पहुंचने से प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई.
शिक्षकों को हटाने से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप
छात्रों ने आरोप लगाया कि स्कूल में शिक्षकों को लगातार बिना किसी ठोस कारण के हटाया जा रहा है. इसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, छात्रों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण कक्षाओं का संचालन सही तरीके से नहीं हो पा रहा है.
बिजली व्यवस्था को लेकर भी उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि कक्षाओं में पंखे और लाइट बंद करवा दिए जाते हैं, छात्रों के अनुसार, प्रबंधन की ओर से बिजली खर्च ज्यादा होने की बात कहकर सुविधाओं में कटौती की जा रही है. छात्रों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं.
हॉस्टल के खाने की गुणवत्ता पर आरोप
छात्रों ने हॉस्टल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी नाराजगी जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि खाना खराब होता है और कई बार भोजन में कीड़े तक मिले हैं, छात्रों ने बताया कि जब वे अपनी समस्याएं लेकर प्रिंसिपल के पास जाते हैं, तो समाधान करने के बजाय जिम्मेदारी वार्डन पर डाल दी जाती है. साथ ही छात्रों को शिकायत करने पर धमकी मिलने का भी आरोप लगाया गया है.
एसडीएम के आश्वासन के बाद लौटे छात्र
सैकड़ों छात्रों के कलेक्टोरेट पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसडीएम ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, आश्वासन मिलने के बाद छात्र वापस विद्यालय लौट गए. अब प्रशासन की ओर से छात्रों की शिकायतों की जांच और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है.