CG News: UCC पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, सीएम साय के बयान पर दीपक बैज का पलटवार
CG News: समान नागरिक संहिता, UCC को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने UCC को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि आने वाले शीतकालीन सत्र में इसे पारित किया जाएगा. वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में UCC की जरूरत नहीं है.
शीतकालीन सत्र में पारित होगा UCC
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता को लेकर जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति इस विषय पर अध्ययन कर रही है, उन्होंने बताया कि समिति की बैठक के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और आने वाले शीतकालीन सत्र में UCC को पारित करने की तैयारी है.
दीपक बैज ने सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री के बयान के बाद PCC अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता की कोई आवश्यकता नहीं है, बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई बढ़ रही है, पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं और सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है.
UCC को लेकर कांग्रेस का विरोध
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार UCC के माध्यम से आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों को प्रभावित करना चाहती है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका विरोध करेगी और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने सरकार से मांग की कि जनता की समस्याओं, रोजगार, महंगाई और बढ़ते अपराधों जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता से काम किया जाए.
राजनीतिक बहस हुई तेज
UCC को लेकर मुख्यमंत्री के बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक बहस तेज हो गई है. जहां सरकार इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, वहीं विपक्ष इसे लेकर लगातार सवाल उठा रहा है, अब सभी की नजरें समिति की रिपोर्ट और आगामी शीतकालीन सत्र पर टिकी हैं.