CG News: रायपुर एयरपोर्ट पर शुरू होगी फ्लाईब्रेरी, यात्री मुफ्त में ले सकेंगे किताबें, दूसरे शहर में करनी होगी वापस
CG News: छत्तीसगढ़ के हवाई यात्रियों के लिए जल्द ही एक नई और अनोखी सुविधा शुरू होने जा रही है. रायपुर एयरपोर्ट पर पहली बार फ्लाईब्रेरी की शुरुआत की जाएगी. इस पहल के तहत यात्री एयरपोर्ट से अपनी पसंद की किताब मुफ्त में लेकर यात्रा कर सकेंगे और गंतव्य शहर के एयरपोर्ट पर मौजूद लाइब्रेरी में उसे वापस जमा कर सकेंगे.
यात्रा के साथ पढ़ने का मिलेगा मौका
फ्लाईब्रेरी का उद्देश्य यात्रियों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना और यात्रा को अधिक रोचक बनाना है. रायपुर से उड़ान भरने वाले यात्री एयरपोर्ट की लाइब्रेरी से किताब ले सकेंगे. यात्रा पूरी होने के बाद संबंधित शहर के एयरपोर्ट की लाइब्रेरी में वही किताब लौटानी होगी. यह प्रक्रिया इस सुविधा का अनिवार्य हिस्सा होगी.
हर आयु वर्ग के लिए होंगी किताबें
फ्लाईब्रेरी में हिंदी, अंग्रेजी और अन्य भाषाओं की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी. इसके अलावा बच्चों के लिए कॉमिक्स, पर्यटकों के लिए ट्रैवल गाइड, सामान्य ज्ञान, साहित्य और विभिन्न विषयों की किताबें भी रखी जाएंगी, ताकि हर आयु वर्ग के यात्रियों को अपनी पसंद की पुस्तक मिल सके.
चुनिंदा एयरपोर्ट के बाद अब रायपुर की बारी
यह सुविधा फिलहाल देश के कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट पर संचालित हो रही है. अब रायपुर एयरपोर्ट भी इस सूची में शामिल होने जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, फ्लाईब्रेरी शुरू होने के बाद यात्रियों को यात्रा के दौरान पढ़ने का बेहतर अनुभव मिलेगा.
एयरपोर्ट डायरेक्टर का हुआ तबादला
इसी बीच रायपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर योगेश नगाइच का तबादला चंडीगढ़ एयरपोर्ट कर दिया गया है, जहां उन्हें मुख्य कार्यकारी अधिकारी, यानी CEO, की जिम्मेदारी सौंपी गई है. रवाना होने से पहले उन्होंने रायपुर एयरपोर्ट पर प्रस्तावित विकास कार्यों और नई सुविधाओं की जानकारी भी साझा की.