CG News: रायपुर में शुरू हुआ चिंतन शिविर 3.0, सुशासन, AI और विकास पर दो दिन करेगा मंथन सरकार
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार का दो दिवसीय चिंतन शिविर 3.0 रायपुर स्थित आईआईएम परिसर में शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में आयोजित इस शिविर में मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य हिस्सा ले रहे हैं. दो दिनों तक सुशासन, तकनीक, विकास और प्रशासनिक सुधार जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
सरकार की कार्यप्रणाली पर होगा मंथन
चिंतन शिविर का उद्देश्य शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणाम आधारित बनाना है. इसके तहत विभागों के बीच बेहतर समन्वय, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य की प्राथमिकताओं को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी. सरकार का मानना है कि बदलते समय के साथ प्रशासनिक व्यवस्था में भी नवाचार जरूरी है.
इन विषयों पर होगी विशेष चर्चा
शिविर में कृषि, ग्रामीण विकास, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सुशासन, संस्थागत सुधार, नेतृत्व विकास और सरकारी योजनाओं की बेहतर पहुंच जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे. इन चर्चाओं के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी.
देश के विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव
शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ अपने अनुभव और सुझाव देंगे. पहले दिन नेतृत्व, जीवन मूल्य, नई तकनीक और कृषि अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर व्याख्यान होंगे. वहीं दूसरे दिन पर्यटन, सार्वजनिक नीति, नेतृत्व क्षमता और जनकेंद्रित प्रशासन जैसे मुद्दों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे.
सुशासन पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समय के साथ प्रशासन को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितकारी बनाना भी जरूरी है. उनका कहना है कि सरकार ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित करना चाहती है, जिसमें बेहतर परिणाम और जनता का विश्वास दोनों मजबूत हों.
नई रणनीति तैयार करने की पहल
सरकार के अनुसार, चिंतन शिविर का उद्देश्य केवल विचार-विमर्श करना नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था में तकनीक का बेहतर उपयोग, निर्णय प्रक्रिया को तेज बनाना, विभागों के बीच तालमेल बढ़ाना और लोगों तक सरकारी सेवाएं अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है.