CG News: एमसीबी जिले में जनमन योजना की सड़क पर उठे सवाल, तीन महीने में आई दरारें, जांच की मांग तेज
CG News: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, यानी एमसीबी जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जनमन के तहत बनाई गई एक सड़क को लेकर विवाद सामने आया है. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण पूरा होने के कुछ ही महीनों बाद सड़क में दरारें पड़ गई हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.
तीन महीने में सड़क पर दिखीं दरारें
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बंजी के दक्षिणपारा और बैगापारा में जनमन योजना के तहत सड़क का निर्माण कराया गया था. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बने अभी करीब तीन महीने ही हुए हैं, लेकिन हाल की बारिश के बाद जगह-जगह बड़ी दरारें दिखाई देने लगी हैं.
ग्रामीणों ने लगाए गुणवत्ता पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया. उनका कहना है कि कुछ स्थानों पर रिटेनिंग वॉल भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं. इसके अलावा सड़क किनारे की मिट्टी और मुरूम बहकर खेतों में पहुंच रही है, जिससे किसानों को खेती करने में परेशानी हो रही है.
सरपंच ने जताई नाराजगी
ग्राम पंचायत बंजी के सरपंच ने भी निर्माण कार्य पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ होता, तो इतनी जल्दी सड़क खराब नहीं होती. उन्होंने मामले की शिकायत संबंधित उच्च अधिकारियों से करने की बात कही है.
प्रशासन ने दिए जांच के संकेत
मामले को लेकर जब संबंधित विभाग से प्रतिक्रिया ली गई, तो कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया. वहीं जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है. कलेक्टर ने कहा है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की जवाबदेही तय करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सड़कें ही विकास की असली पहचान हैं.