CG News: अमेरिका ने रायपुर की SBL एनर्जी और CEO पर लगाए प्रतिबंध, सूडान से जुड़े आरोपों का मामला
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित SBL एनर्जी लिमिटेड पर अमेरिका ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। अमेरिकी वित्त विभाग ने कंपनी के साथ उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) आलोक चौधरी समेत कई व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रतिबंध सूची में शामिल किया है।
सूडान से जुड़े नेटवर्क को आपूर्ति का आरोप
अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि कंपनी ने सूडान के एक सैन्य नेटवर्क से जुड़ी संस्था को विस्फोटक और संबंधित सामग्री की आपूर्ति की। दावा किया गया है कि इन सामग्रियों का उपयोग सूडान में जारी संघर्ष के दौरान किया गया।
2024 से कई खेप भेजने का दावा
अमेरिकी पक्ष के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक संबंधित संस्था को विस्फोटक सामग्री की बड़ी संख्या में खेप भेजी गईं। आरोप है कि यह सामग्री ऐसे नेटवर्क तक पहुंची, जो सूडान में चल रहे संघर्ष से जुड़े हुए हैं।
कंपनी ने आरोपों को नकारा
प्रतिबंध लगाए जाने के बाद SBL एनर्जी ने आरोपों का खंडन किया है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि वह रक्षा क्षेत्र के लिए हथियार या सैन्य विस्फोटक का निर्माण नहीं करती। कंपनी के अनुसार उसके उत्पाद औद्योगिक उपयोग के लिए बनाए जाते हैं और उनका इस्तेमाल खनन, सड़क निर्माण तथा अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में किया जाता है।
व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ सकता है असर
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी प्रतिबंधों का असर कंपनी के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और विदेशी साझेदारियों पर पड़ सकता है। वैश्विक वित्तीय लेन-देन, विदेशी अनुबंधों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबारी गतिविधियों पर भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है, फिलहाल इस मामले में अमेरिकी एजेंसियों और कंपनी के दावों के बीच स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और तथ्य सामने आने की संभावना है।