CG News: बलौदाबाजार खर्वे गांव हत्याकांड: जहरीली शराब से 8 मौतों का सनसनीखेज खुलासा
CG News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में पिछले करीब तीन महीनों के भीतर हुई 8 संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने रंजिश और शक के चलते लोगों को जहरीली शराब पिलाई थी।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार 46 वर्षीय रामसहाय जायसवाल ने पुरानी रंजिश, विवाद, पत्नी पर गलत नजर रखने के शक, कर्ज और टोना-टोटका जैसी शंकाओं के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने लोगों को शराब में जहर मिलाकर पिलाया, जिससे एक के बाद एक 8 लोगों की मौत हो गई।
शव कब्र से निकालकर हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 7 मृतकों के शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा। एक मृतक का पहले ही अंतिम संस्कार हो चुका था। जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले।
जहर खरीदकर किया गया प्रयोग
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चूहा मारने के नाम पर जहरीला पदार्थ (सुहागा) खरीदा था। पुलिस के अनुसार उसने पहले इसका परीक्षण एक कुत्ते पर किया और बाद में गांव के लोगों को निशाना बनाया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह इनकार करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, पुलिस ने आरोपी के घर, दुकान और घटनास्थल से जहरीला पदार्थ बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी को देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।