CG News: अंबिकापुर: प्रयास स्कूल के छात्रों का फूटा गुस्सा, 10 KM पैदल चलकर कलेक्टर से लगाई गुहार
CG News:अंबिकापुर के प्रयास आवासीय विद्यालय के सैकड़ों छात्रों ने शिक्षकों की कमी, खराब भोजन और अव्यवस्थाओं के विरोध में 10 किलोमीटर पैदल मार्च कर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। आदिवासी विकास विभाग ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे छात्र
सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित आदिवासी विकास विभाग के प्रयास आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से नाराज छात्रों का गुस्सा शनिवार को खुलकर सामने आया। सैकड़ों छात्र स्कूल से करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। छात्रों ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद उनकी परेशानियों का समाधान नहीं किया गया, जिससे उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।
शिक्षकों की कमी और खराब भोजन के लगाए आरोप
छात्रों का कहना है कि विद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए। छात्रों का आरोप है कि अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान अच्छा भोजन परोसा जाता है, लेकिन सामान्य दिनों में उन्हें खराब गुणवत्ता का चावल और भोजन दिया जाता है। इसके अलावा बाल कटिंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं में भी अनियमितताओं की शिकायत की गई।
विभाग पर उठे सवाल
छात्रों के प्रदर्शन के बाद आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने उनसे चर्चा की। सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने कहा कि छात्रों की सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। हालांकि इस पूरे मामले ने प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं और आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब छात्रों की नजर प्रशासनिक जांच और सुधारात्मक कार्रवाई पर टिकी हुई है।