CG News: जगदलपुर सेंट्रल जेल में 10 दिनों में तीन कैदियों की मौत, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
CG News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों में घिर गई है। जेल में महज 10 दिनों के भीतर तीन कैदियों की मौत होने से कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला दुष्कर्म के आरोप में बंद 60 वर्षीय कैदी संदु कश्यप की मौत का है, जिसकी उपचार के दौरान जान चली गई।
बीपी बढ़ने के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के अनुसार कर्रेकोट नयापारा निवासी संदु कश्यप 28 दिसंबर 2025 से दुष्कर्म के मामले में जगदलपुर सेंट्रल जेल में बंद था। 6 जून की रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। रक्तचाप बढ़ने के बाद उसे देर रात डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 7 जून की सुबह उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने मौत का कारण हार्ट फेल्योर और हाई ब्लड प्रेशर बताया है।
एक जून से शुरू हुआ मौतों का सिलसिला
जेल में पहली घटना 1 जून को सामने आई थी, जब हत्या के आरोप में बंद महिला कैदी रमयती बघेल ने कथित तौर पर चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके कुछ दिनों बाद नक्सली गतिविधियों से जुड़े विचाराधीन कैदी रमेश कुंजाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि बाथरूम में फिसलकर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
लगातार हो रही मौतों को लेकर कांग्रेस ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं ने इसे मानवाधिकार हनन का मामला बताते हुए न्यायिक जांच की मांग की है। साथ ही मृतक कैदियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी की है, लगातार तीन मौतों के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली जांच के दायरे में आ गई है। अब यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या जेल में कैदियों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं।