CG News: सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों पर FIR, नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप
CG News: छत्तीसगढ़ के सीतापुर से बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
शरीर पर चोट के निशान
नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिसमें उनकी शर्ट तक फट गई। उन्होंने मीडिया के सामने अपने शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए। घटना के दौरान मौके पर एसडीएम फागेश सिन्हा भी मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विधायक समर्थकों ने उन्हें भी दूर कर दिया।
शिकायत पर पुलिस जांच शुरू
घटना के बाद नायब तहसीलदार और एसडीएम दोनों कलेक्टर अजीत वसंत से मिलने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। वहीं विधायक रामकुमार टोप्पो की बड़ी बहन सीमा धनकी ने भी नायब तहसीलदार पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें सुन ली हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।