CG News: थाने में आरोपियों को छोड़ने के बदले मांगे 10 हजार रुपए, वायरल वीडियो के बाद हेड कॉन्स्टेबल निलंबित
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से रिश्वतखोरी का एक मामला सामने आया है। सरकंडा थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल शोभित कैवर्त्य पर तीन आरोपियों को छोड़ने के बदले पैसे मांगने का आरोप लगा है। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पुलिसकर्मी कथित तौर पर आरोपियों को छोड़ने के लिए 10 हजार रुपए की मांग करते सुनाई दे रहा है।
एसएसपी ने किया सस्पेंड
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब दो महीने पुराना है। वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
जेल भेजने की धमकी
जानकारी के मुताबिक मारपीट के एक मामले की जांच शोभित कैवर्त्य को सौंपी गई थी। आरोप है कि उसने तीन आरोपियों को थाने में बैठाकर जेल भेजने और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की धमकी दी। इसके बाद उन्हें छोड़ने के एवज में पैसों की मांग की गई। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरोपी पुलिसकर्मी ने रकम ले ली थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
छत्तीसगढ़ में हाल के महीनों में पुलिसकर्मियों से जुड़े रिश्वतखोरी के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले कोरिया जिले में एक एसआई को एसीबी ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था, जबकि राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाने से भी रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।