CG News: बिलासपुर में बड़ा भ्रष्टाचार! 1.4 करोड़ की सड़क कुछ ही दिनों में उखड़ी, गुणवत्ता पर उठे सवाल
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनी लगभग 1 किलोमीटर लंबी सड़क कुछ ही दिनों में खराब होने लगी। सड़क की ऊपरी डामर परत हाथ लगाने पर ही उखड़ रही है।
कहां हुआ निर्माण
यह सड़क मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित गांव आमाकोनी से बहतरा तक बनाई गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में तय मानकों की अनदेखी की गई है, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सड़क निर्माण में मुरूम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया और गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। इसी वजह से सड़क पूरी तरह बनने से पहले ही खराब होने लगी।
ठेकेदार और अधिकारियों पर सवाल
निर्माण कार्य का ठेका पीडब्ल्यूडी के माध्यम से ठेकेदार अतुल शुक्ला को दिया गया था। जिला पंचायत की प्रतिनिधि राधा खिलावन पटेल ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण हुआ है।
मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि
मामले के सामने आने के बाद जनपद के सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच मौके पर पहुंचे और सड़क की हालत देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच की मांग की है, ग्रामीणों ने सड़क की खराब हालत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिसके बाद मामला और चर्चा में आ गया है।
शिकायत कलेक्टर तक पहुंची
ग्रामीणों ने पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर संजय अग्रवाल से की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए।