CG News: मनेंद्रगढ़ उप जेल में बड़ा भ्रष्टाचार मामला, प्रहरी पर रिश्वत लेने का आरोप, वीडियो वायरल के बाद सस्पेंड
CG News: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ उप जेल में तैनात एक प्रहरी पर 50 हजार रुपए रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि जेल में बंद हत्या के आरोपियों को VIP ट्रीटमेंट दिलाने के नाम पर जेल प्रहरी संतोष तिवारी ने उनके परिजनों से कुल 1 लाख 30 हजार रुपए की मांग की थी।
घर पहुंचकर ली गई रकम
जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रहरी खुद पैसे लेने परिजनों के घर पहुंचा था। वहां उसने “राधे-राधे” कहकर अभिवादन किया और पैसे लेकर वहां से चला गया। इस पूरी घटना का वीडियो परिजनों ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
धमकी देने के भी आरोप
परिजनों का आरोप है कि पैसे न देने पर आरोपियों को जेल में प्रताड़ित करने की धमकी भी दी गई थी। साथ ही यह भी कहा गया कि गवाहों से छेड़छाड़ कर आरोपियों को राहत दिलाने की बात कही गई थी।
किन मामलों से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि गणेश चतुर्थी के दौरान शहर में चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिसमें 10 लोग आरोपी बनाए गए थे। इनमें से 7 को सबूतों के अभाव में छोड़ दिया गया, जबकि 3 आरोपी अभी मर्डर केस में जेल में बंद हैं। इन्हीं के परिजनों से रिश्वत लेने का आरोप है।
वीडियो वायरल से खुला मामला
घटना का वीडियो नवंबर 2025 का बताया जा रहा है, जिसमें वर्दीधारी प्रहरी को पैसे लेते हुए देखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से सामने आया और विभागीय जांच शुरू हुई, जेल सुपरिटेंडेंट ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और प्रहरी संतोष तिवारी को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही उसे अंबिकापुर केंद्रीय जेल में अटैच किया गया है।
विभागीय जांच जारी
जेलर संजय खैरावर ने कहा कि यह मामला सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है। फिलहाल आरोपी को निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच में सभी पक्षों को बुलाया जाएगा। पैसे लेने के वास्तविक कारण की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।