CG News: कवर्धा में कार नदी में गिरी, 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल
CG News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी युवक रायपुर के बिरगांव से पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पांडातराई थाना क्षेत्र में कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन करीब 30 फीट नीचे नदी में जा गिरा।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पांडातराई पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।