CG News: छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड में “बादाम कांड” पर एक्शन, दो अधिकारी मुख्यालय अटैच
CG News: छत्तीसगढ़ में सरकारी कामकाज की लापरवाही से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के दो अधिकारियों पर गाज गिरी है।
दो अधिकारियों पर कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद संपदा अधिकारी एल.पी. बंजारे और सहायक पुन्नम बंजारे को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय अटैच कर दिया गया है, यह पूरा मामला तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय का है, जहां एक युवक पिछले एक साल से अपने फ्लैट की फाइल के लिए चक्कर काट रहा था।
फाइल गायब, युवक परेशान
जानकारी के अनुसार, तरुण साहू नामक युवक ने करीब एक साल पहले फ्लैट खरीदा था। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन विभाग बार-बार फाइल “गुम” होने की बात कहता रहा। इससे परेशान होकर युवक ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।
टेबल पर बिखेरे बादाम
युवक 500 ग्राम बादाम लेकर ऑफिस पहुंचा और अधिकारी की टेबल पर बिखेर दिए। उसने कहा कि “बादाम खाने से याददाश्त तेज होती है, शायद इससे फाइल याद आ जाए।” इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर उसने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया, वीडियो में युवक यह कहते हुए नजर आता है कि वह एक साल से ऑफिस के चक्कर लगा रहा है, लेकिन हर बार फाइल गुम होने का बहाना बना दिया जाता है।
अधिकारी ने लगाए आरोप
वहीं, सहायक स्टेट मैनेजर पुन्नम बंजारे ने युवक पर अभद्र व्यवहार और बिना अनुमति कार्यालय में घुसकर काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, मामले के तूल पकड़ने के बाद अब प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गया है। यह मामला सरकारी दफ्तरों में लापरवाही और जवाबदेही पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रहा है।