CG News: सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी मुंबई से गिरफ्तार, 60 लाख का सामान जब्त
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के चर्चित इन्फ्लुएंसर और सट्टा सिंडिकेट के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को रायपुर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। उसे फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया गया, जहां आगे की पूछताछ जारी है।
7 और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस कार्रवाई में खेमानी के साथ 7 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनके पास से BMW कार सहित करीब 60 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
‘3 STUMPS’ से IPL में सट्टा
जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों में सट्टा खिलाने के लिए ‘3 STUMPS’ नाम की ऑनलाइन वेबसाइट तैयार की थी, इसके अलावा वह पिछले ढाई साल से रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर जैसे ऑनलाइन पैनल भी चला रहा था।
FIR के बाद फरार
13 अप्रैल को गंज थाने में FIR दर्ज होने के बाद से खेमानी फरार था। वह अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पुणे, मुंबई और गोवा से पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। अब तक इस मामले में कुल 27 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
रिश्तेदारों और दोस्तों का बड़ा नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ है कि इस सिंडिकेट का नेटवर्क कई शहरों में फैला हुआ था। रायपुर, मुंबई, पुणे और गोवा में उसके रिश्तेदार और करीबी पैनल ऑपरेट कर रहे थे, जिनकी अलग-अलग भूमिकाएं तय थीं।
म्यूल खातों से होता था लेन-देन
यह सट्टा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए दांव लगवाए जाते थे और पैसों के ट्रांजैक्शन के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे ट्रैकिंग मुश्किल हो जाती थी।
सोशल मीडिया से युवाओं को फंसाया
खेमानी सिंडिकेट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Instagram के जरिए युवाओं को जोड़ रहा था। प्रचार-प्रसार कर नए यूजर्स को लुभाया जाता था, जिससे यह अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा था, बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी पर पहले भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। करीब 3 साल पहले उस पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत केस दर्ज कर जुर्माना लगाया गया था।
जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं। जुड़े हुए सभी आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है और अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।