CG News: छत्तीसगढ़ में लैब अटेंडेंट भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, 430 अभ्यर्थी चयनित
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रयोगशाला परिचारक भर्ती-2023 के तहत 430 पदों पर अंतिम चयन सूची जारी हो गई है। 1.28 लाख आवेदनों के बाद परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी हुई। चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 30 मार्च और 2 अप्रैल 2026 को होगी।
आवेदन से परीक्षा तक लंबा सफर
छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रयोगशाला परिचारक भर्ती-2023 के तहत 430 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसकी शुरुआत 4 अगस्त 2023 को स्वीकृति के साथ हुई, जबकि 5 अक्टूबर 2023 को विज्ञापन जारी हुआ। इस भर्ती में 1,28,685 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। 3 अगस्त 2025 को आयोजित परीक्षा में 1,12,792 अभ्यर्थी शामिल हुए।

सत्यापन और आपत्तियों का निराकरण
परीक्षा परिणाम 18 सितंबर 2025 को घोषित किया गया, जिसके बाद 8 दिसंबर 2025 से 23 फरवरी 2026 तक दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया चली। सत्यापन के बाद 2106 अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए चुना गया। 13 से 23 मार्च 2026 तक दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गईं, जिनमें 53 अभ्यर्थियों ने आपत्तियां दर्ज कराईं। सभी आपत्तियों का निराकरण कर 24 मार्च को अंतिम सूची तैयार की गई।
काउंसलिंग और नियुक्ति
25 मार्च 2026 को जारी अंतिम चयन सूची में 430 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 30 पद दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित हैं, जिनमें 15 OL और 15 HH श्रेणी के हैं। चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 30 मार्च और 2 अप्रैल 2026 को होगी। इसके बाद उन्हें राज्य के 285 महाविद्यालयों में पदस्थ किया जाएगा। विभाग ने जल्द ही नियुक्ति आदेश जारी करने की बात कही है, जिससे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।