CG News: छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण को लेकर सख्त हुए सीएम विष्णुदेव साय, लापरवाही पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी
CG News: छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया काम बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी निर्माण कार्य में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
![]()
महानदी भवन में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आयोजित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण के बाद निरीक्षण करने के बजाय निर्माण के दौरान ही नियमित रूप से गुणवत्ता की निगरानी की जाए।
बागबहार–कोतबा सड़क की खराब हालत पर नाराजगी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बागबहार–कोतबा सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले ही बनी यह सड़क अब खराब हो चुकी है, जो चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस मामले की गंभीरता से जांच करने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

टेंडर प्रक्रिया के लिए तय होगी समय-सीमा
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण के टेंडर जारी होने से लेकर कार्य आवंटन तक की पूरी प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। उन्होंने कहा कि कई बार ठेकेदार बहुत कम दर पर टेंडर ले लेते हैं, जिससे काम की गुणवत्ता और समय-सीमा प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
300 गांवों को सड़क से जोड़ने की तैयारी
बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि प्रदेश के करीब 300 ऐसे गांव चिन्हित किए गए हैं, जहां बरसात के समय संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। इन गांवों को सड़क और पुल-पुलियों के माध्यम से जोड़ने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाएंगे।

कई बड़ी सड़क परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रदेश की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें मनेंद्रगढ़–सूरजपुर–अंबिकापुर–पत्थलगांव–कुनकुरी–जशपुर से झारखंड सीमा तक बनने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 सहित अंबिकापुर–सेमरसोत–रामानुजगंज–गढ़वा मार्ग, गीदम–दंतेवाड़ा मार्ग, चांपा–सक्ती–रायगढ़–ओडिशा सीमा मार्ग और रायपुर–दुर्ग मार्ग जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
आधुनिक तकनीक से बनेंगे शासकीय भवन
मुख्यमंत्री ने शासकीय भवनों के निर्माण में आधुनिक तकनीक और बेहतर डिजाइन अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भूमि के बेहतर उपयोग के लिए हॉरिजॉन्टल की बजाय वर्टिकल निर्माण को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। साथ ही राजभवन में बन रहे गेस्ट हाउस को आधुनिक और गरिमामय स्वरूप में तैयार करने के निर्देश दिए।
सड़कों के गड्ढों की तुरंत मरम्मत के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सड़कें आम लोगों के जीवन से सीधे जुड़ी होती हैं और उनकी गुणवत्ता तुरंत महसूस की जाती है। इसलिए लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने ऐसा तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए जिससे सड़कों में बनने वाले गड्ढों की जानकारी तुरंत मिल सके और समय पर उनकी मरम्मत की जा सके।