CG News : छत्तीसगढ़: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, करीब 25 लाख ‘फर्जी और संदिग्ध’ नाम हटाए गए
CG News : छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य की अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित कर दी गई है। इस अभियान के तहत बड़े पैमाने पर फर्जी, दोहराव और संदिग्ध मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष अभियान के दौरान लगभग 24 लाख 99 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। अब छत्तीसगढ़ में कुल मतदाताओं की संख्या 1,87,30,914 हो गई है। उन्होंने इस प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए प्रदेशवासियों का आभार भी व्यक्त किया
पहले और बाद के आंकड़े
एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 थी।
प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची के प्रकाशन के बाद यह संख्या घटकर 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 हो गई।
इसके बाद दावों और आपत्तियों की सुनवाई के पश्चात अंतिम निर्वाचक नामावली जारी की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 दर्ज की गई।
अंतिम सुनवाई के बाद वृद्धि
अंतिम चरण की सुनवाई के दौरान 2 लाख 34 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। इस तरह पूरी प्रक्रिया में बड़ी संख्या में फर्जी या दोहराव वाले नाम हटाकर सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया गया।
निर्वाचन विभाग का कहना है कि इस अभियान से मतदाता सूची की पारदर्शिता बढ़ी है और इससे आगामी चुनावों में निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, मतदाता सूची शुद्धिकरण का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिल सके और फर्जी नामों पर रोक लगाई जा सके।
मतदाता सूची में नाम नहीं है तो क्या करें
यदि किसी नागरिक का नाम अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर घोषणा पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकता है।
यदि सूची में दर्ज जानकारी में कोई त्रुटि है, तो फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।

