CG News: वाहन चेकिंग के दौरान टीआई की बदसलूकी का VIDEO वायरल, ड्राइवर से की अभद्र भाषा
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पोंडी थाना प्रभारी वाहन जांच के दौरान एक चालक से आपत्तिजनक भाषा में बात करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिख रहे अधिकारी पोंडी थाने में पदस्थ थाना प्रभारी राजवीर गायकवाड़ हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। चिरमिरी की सीएसपी ने वीडियो की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पोंडी चौक पर पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक निजी वाहन को रोका गया। पुलिस का आरोप है कि संबंधित वाहन का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जबकि उसका पंजीयन घरेलू श्रेणी में था।

इसी बात को लेकर थाना प्रभारी और वाहन चालक के बीच बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में तीखी नोकझोंक में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान थाना प्रभारी ने चालक से गाली-गलौज की। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
लोगों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि कानून का पालन कराना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की है।
TI की सफाई
पोंडी थाना प्रभारी राजवीर गायकवाड़ ने अपने पक्ष में कहा कि वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर रहा था। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। बाद में उसे रोककर नियमानुसार 5500 रुपये का ई-चालान काटा गया। उन्होंने गाली-गलौज के आरोपों से इनकार किया है।
CSP का बयान
चिरमिरी की सीएसपी दीपिका मिंज ने कहा कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया गया है। प्रारंभिक तथ्यों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी से भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।