CG News : उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर, अम्बिकापुर सबसे ठंडा, मध्य-दक्षिण में मिली राहत
रायपुर : छत्तीसगढ़ के उत्तर अंचल में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। गुरुवार को कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर दर्ज की गई। तेज ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस की गई।
उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अम्बिकापुर राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में राहत
वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली है। रायपुर, बिलासपुर सहित कई जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे दिन के समय ठंड का असर कम रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।