CG News: एसईसीएल क्वार्टर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, डायल 112 का चालक निकला आरोपी
Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। एसईसीएल के आवासीय परिसर में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में पुलिस की इमरजेंसी सेवा डायल 112 के चालक की संलिप्तता उजागर होने से प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है।
एसईसीएल क्वार्टर में हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, यह घटना 8 जनवरी की रात की है। बाकी मोगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती को आरोपियों ने बहला-फुसलाकर एसईसीएल के एक क्वार्टर में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। इस जघन्य अपराध में कुल पांच लोगों की भूमिका सामने आई है।
डायल 112 का चालक भी शामिल
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों में से एक डायल 112 सेवा में कार्यरत चालक है, जो कॉन्ट्रैक्ट आधार पर पदस्थ था। आरोपी चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें डायल 112 का चालक भी शामिल है। वहीं, तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण, केस दर्ज
घटना के बाद पीड़िता को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इस मामले में सिविल लाइन थाना में अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सीएसपी का बयान
इस मामले पर जानकारी देते हुए सीएसपी विमल पाठक ने बताया कि,
“डायल 112 का चालक भी इस अपराध में शामिल पाया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला बेहद गंभीर है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।”