CG News: कवर्धा में दर्द का तूफान एक टक्कर में तीन जिंदगियां खत्म
CG News: कवर्धा जिले के पंडरिया में रहमान कांपा बैरियर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति और एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर मौत हो गई। बारिश और अंधेरे में हुआ हादसा, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से जांच में जुटी है।
कवर्धा में भीषण सड़क हादसा
कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के रहमान कांपा बैरियर के पास रविवार शाम बड़ा सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति और एक अन्य व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो पुरुषों के शव के चिथड़े उड़ गए, जबकि महिला कुछ दूरी पर गिरकर मौके पर ही दम तोड़ बैठी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बारिश और अंधेरे में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जब तेज बारिश और अंधेरा था। बकेला गांव के 35 वर्षीय प्रेमलाल बैगा, 30 वर्षीय उनकी पत्नी चीनी बैगा और 48 वर्षीय सैगोना निवासी पंचराम बैगा काम से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे मालवाहक वाहन ने उन्हें कुचल दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर बिखरे शव देख पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों ने सुरक्षा उपायों की मांग की
पंडरिया पुलिस और एसडीओपी भूपत सिंह ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की तलाश कर रही है। वहीं ग्रामीणों ने रहमान कांपा मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।