CG News : बिलासपुर: गोकुल नगर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक अवैध मकान ढहाए
CG News : गोकुल नगर क्षेत्र में नगर निगम ने सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बारिश के बीच 50 से अधिक अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान महिलाएं और बच्चे कुछ समय की मोहलत की गुहार लगाते रहे, लेकिन अधिकारियों ने कार्यवाही नहीं रोकी।
निगम की जमीन पर था अवैध कब्जा
जोन कमिश्नर रंजना अग्रवाल के अनुसार, गोकुल नगर के पास घुरू अमेरी क्षेत्र में नगर निगम की लगभग 3 एकड़ जमीन पर पिछले एक वर्ष से लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा था। लोगों ने इस सरकारी जमीन पर पक्के और अस्थायी मकान बना लिए थे, जिनमें से अधिकांश पर हाल ही में कब्जा किया गया था।
नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों को तीन बार नोटिस भेजा था। अंतिम नोटिस तीन दिन पहले 33 लोगों को जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद किसी ने अपने घर खुद से नहीं हटाए। इसके बाद निगम ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की।
35 पक्के मकान और 15 टेंट शेड किए गए ध्वस्त
कार्रवाई के दौरान कुल 35 पक्के मकान और 15 अस्थायी टेंट-शेड हटाए गए। नगर निगम को इस भूमि पर अपना आगामी प्रोजेक्ट विकसित करना है, जिसके लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक था। कार्रवाई के समय कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।
जोन कार्यालय ने एक वर्ष पूर्व ही अतिक्रमण पर रोक लगाने के प्रयास किए थे। उस समय भी लोगों को नोटिस भेजा गया था और कुछ ने लिखित में जमीन खाली करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण लगातार बढ़ता गया।
निगम की सख्ती, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम का कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे सभी मामलों में आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। गोकुल नगर में की गई यह कार्रवाई आने वाले समय में अन्य अतिक्रमण स्थलों पर भी दोहराई जा सकती है।