CG News : सरगुजा में 50 करोड़ की लोन ठगी: 140 सरकारी कर्मचारी बने शिकार, FIR दर्ज
CG News : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सामने आया एक बड़ा वित्तीय घोटाला, जहां RV ग्रुप नाम की फर्जी कंपनी ने करीब 140 लोगों से 50 करोड़ रुपये की ठगी की है। ठगी का शिकार बने लोगों में ज्यादातर शिक्षक और सरकारी कर्मचारी हैं। पीड़ितों के बिना बैंक गए ही उनके नाम पर लाखों के लोन पास करा लिए गए और फिर आरोपी फरार हो गए।
होटल पार्टी में फंसा बड़ा जाल
पीड़ितों के अनुसार, RV ग्रुप ने अंबिकापुर में नामी होटलों में भव्य पार्टियां और कॉन्फ्रेंस आयोजित कीं, जहां लुभावनी स्कीम बताकर लोगों को जाल में फंसाया गया। कंपनी ने दावा किया कि वे लोन की पूरी किस्त जमा करेंगे, जबकि ग्राहकों को 50% राशि निवेश करने के लिए कहा गया।
बिना बैंक गए लोन, बीमा और दस्तावेज
कंपनी ने पीड़ितों से दस्तावेज और हस्ताक्षर लिए। हैरानी की बात ये है कि बैंक गए बिना ही लोन, बीमा और चेक जारी हो गए, जिनमें से कई दस्तावेजों में नकली हस्ताक्षर किए गए। निवेश के नाम पर रकम AMS साल्यूशन और निजी खातों में जमा कराई गई।
किश्त वसूली पर खुला राज
जब पीड़ितों के पास बैंकों से वसूली नोटिस आने लगे तब मामले की सच्चाई सामने आई। रायपुर और कांकेर में भी ऐसे ही मामलों की पुष्टि हुई है। शिक्षिका पवित्रा लकड़ा की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
ठगों के नाम सामने आए
पीड़ितों ने मनोज कुमार प्रधान, मनोज कुमार भगत, सुरेंद्र सिंह करियाम, अभय गुप्ता, विष्णु प्रजापति और सुदेश एक्का को इस घोटाले का जिम्मेदार बताया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और किसी का फोन नहीं लग रहा।
FIR दर्ज, जांच जारी
गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420 और 120बी के तहत अपराध दर्ज किया है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि जांच जारी है और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है।
पीड़ितों की सूची में शामिल कुछ नाम:
गुड्डा राम बरवा, देवेंद्र पैकरा, भइयो एक्का, पूरन लाल, अनूप सिंह, पवित्रा लकड़ा, अन्ना खाखा, सुचित्रा कुजूर और अन्य 140 लोगों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है।