CG News : कुरुद में नगर पंचायत की सख्त कार्रवाई: 500 से ज्यादा ठेले, 300 फ्लेक्स और 30 शेड हटाए गए
CG News : धमतरी जिले के कुरुद नगर में लंबे समय से फैले अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते एक हफ्ते से नगर पंचायत की टीम लगातार बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने में जुटी है। अब तक 500 से ज्यादा ठेले, 300 फ्लेक्स, 30 शेड और कई नेम प्लेट हटाई जा चुकी हैं।
पहले दिए थे नोटिस, फिर चली कार्रवाई
नगर पंचायत द्वारा पहले दुकानदारों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई व्यापारी सड़क पर दुकान लगाकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी हो रही थी।
नगर पंचायत ने बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बनाए गए अवैध ढांचे हटाए। मुख्य रूप से ठेले, फ्लेक्स बोर्ड, अस्थायी शेड, होर्डिंग्स और दुकानों के अतिक्रमण को निशाना बनाया गया।
क्या बोले अधिकारी?
नगर पंचायत के सीएमओ महेंद्र राज गुप्ता ने बताया कि यह अभियान 12 जून तक लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा:”अगर कोई दुकानदार दोबारा सड़क पर अवैध दुकान लगाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने यह भी बताया कि जिन व्यापारियों के ठेले हटाए गए हैं, उन्हें वैकल्पिक और व्यवस्थित स्थान भी मुहैया कराया जा रहा है।इस सख्त कार्रवाई से जहां व्यापारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने इस फैसले का समर्थन किया है। नागरिकों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से सड़क पर यातायात सहज और सुचारु हुआ है, और यह नगर की व्यवस्था सुधारने की दिशा में जरूरी कदम है।