CG News : कोरोना संक्रमण पुनः बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया विस्तृत सर्विलांस प्रोटोकॉल
CG News : प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण के नए मामले फिर से सामने आने लगे हैं। सोमवार को दुर्ग और रायपुर में दो नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने Influenza Like Illness (ILI) और Severe Acute Respiratory Illness (SARI) की प्रभावी निगरानी हेतु नया विस्तृत सर्विलांस प्रोटोकॉल जारी किया है, जो प्रदेश के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में लागू होगा।
प्रदेश में फिर लौट रहा है कोरोना
इस आदेश के तहत OPD और IPD में आने वाले सभी सर्दी, खांसी, जुकाम तथा बुखार के लक्षणों वाले मरीजों का IHIP पोर्टल पर “L फार्म” में अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा। इसके साथ ही, मितानिन कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव और शहरों में ऐसे लक्षण वाले व्यक्तियों की रिपोर्टिंग IHIP पोर्टल के कम्युनिटी बेस्ड सर्विलांस (CBS) सेक्शन में भी की जाएगी। स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण के इलाज और प्रबंधन के प्रति संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए गए हैं तथा अस्पतालों में मास्क का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है।
साथ ही, मास्क, PPE किट और अन्य सुरक्षा उपकरणों का स्टॉक अपडेट रखना और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। यदि कोई ILI या SARI रोगी लक्षण आधारित उपचार से ठीक नहीं होता और उसमें अन्य बीमारियां पाई जाती हैं, तो चिकित्सक की सलाह पर उसकी कोविड-19 जांच करवाई जाएगी।
सभी जिलों में सक्रियता तेज
कोविड पॉजिटिव पाए जाने पर उसका सैंपल AIIMS रायपुर भेजकर Whole Genome Sequencing (WGS) द्वारा नए वैरिएंट की पहचान की जाएगी।
राज्य के सभी जिलों में PSA ऑक्सीजन प्लांट्स की समीक्षा की जाएगी और इन्हें तुरंत उपयोग के लिए क्रियाशील रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त, पुष्टि हुए मामलों की रिपोर्टिंग IHIP पोर्टल पर दैनिक आधार पर अनिवार्य रूप से करनी होगी और इसका प्रतिवेदन राज्य सर्विलांस इकाई को भेजा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे मास्क पहनें, स्वच्छता का पालन करें और कोविड के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं ताकि संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।