CG News : रायपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: 18,000 लीटर अवैध शराब पर चला बुलडोजर, जमीन पर बिखरी शराब
CG News : रायपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18,000 लीटर से अधिक अवैध शराब पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान लाखों कांच की बोतलें टूटीं और शराब जमीन पर बिखर गई। पुलिस ने इस सख्त कार्रवाई के जरिए अवैध शराब बेचने वालों को कड़ा संदेश दिया है।
बताया जा रहा है कि नष्ट की गई शराब की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए आंकी गई है। आबकारी एक्ट के प्रावधानों के तहत जब्त की गई इस शराब को विधिवत नष्ट किया गया।
3585 मामलों से इकट्ठा की गई थी शराब
रायपुर रेंज के IG अमरेश मिश्रा और SSP डॉ. लाल उमेश सिंह के निर्देश पर शहर के 32 थानों में दर्ज 3585 आबकारी मामलों से जब्त शराब को इकट्ठा किया गया था। इसमें शामिल था:
• 12,582 लीटर देशी शराब
• 5,583 लीटर विदेशी शराब
• 88 लीटर महुआ शराब
• 427 लीटर बियर
कुल मिलाकर 18,804 लीटर शराब को बुलडोजर से नष्ट किया गया। नष्ट करने की प्रक्रिया पुलिस की कड़ी निगरानी में की गई, जिससे शराब पूरी तरह से जमीन पर बह गई और कांच के टुकड़े चारों ओर बिखर गए। बाद में जेसीबी मशीन से इन टुकड़ों को हटाया गया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान जिला कलेक्टर एवं दण्डाधिकारी द्वारा गठित समिति के सदस्य और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, जिनमें शामिल थे:
• अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी देवेंद्र पटेल
• अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर
• उपायुक्त आबकारी जिला रायपुर रामकृष्ण मिश्रा
• CSP अमन रमन झा
• थाना तेलीबांधा के निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा
• थाना टिकरापारा के निरीक्षक विनय बघेल
• थाना माना के निरीक्षक भावेश गौतम
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।