CG News : कश्मीर में आतंकी हमले के बाद छत्तीसगढ़ के 65 पर्यटक फंसे, रायपुर के पत्रकार भी शामिल, सभी सुरक्षित, मगर डर के साए में
CG News : कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर से गए 65 पर्यटक वहां फंस गए हैं। इस दल में पत्रकार रामअवतार तिवारी और शशांक तिवारी समेत परिवार के छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। हमले के समय यह दल भी पहलगाम की ओर ही बढ़ रहा था, लेकिन रास्ते में सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उन्हें श्रीनगर वापस लौटना पड़ा। इस वक्त सभी पर्यटक श्रीनगर के एक होटल में सुरक्षित हैं।
हमारा समय बदल गया, वरना…
ट्रैवल एजेंसी संचालक ममता शर्मा ने बताया कि “हमारा चेकआउट समय सुबह 9 बजे था, लेकिन किसी वजह से देरी हुई और हम दोपहर 2 बजे तक श्रीनगर में ही थे। यही हमारी किस्मत थी, नहीं तो हम भी घटनास्थल पर होते। जब हम रास्ते में थे तो सेना ने गाड़ियां रोक दीं, पहले हल्का माहौल था, लेकिन जल्द ही खबर आई कि पर्यटकों पर हमला हुआ है।”
रास्ते बंद, हालात बिगड़ते गए
“हमारे साथ 3 साल के बच्चे से लेकर 70 साल तक के बुजुर्ग हैं। रास्तों को पूरी तरह सील कर दिया गया। शाम होते-होते जवानों ने साफ कहा कि जहां हो, वहीं रहो। हम गाड़ियों में फंसे रहे, होटल पीछे छूट चुका था, और आगे का होटल मिलना नामुमकिन था। काफी जद्दोजहद के बाद हमें श्रीनगर में 22 कमरे मिल पाए। स्थानीय लोगों ने बहुत मदद की, होटल वालों ने कहा – ये आपका घर है, यहीं रहिए।”
6 घंटे की दहशत, फिर राहत
“हम करीब 6-7 घंटे तक रास्ते में फंसे रहे। कुछ चाय-बिस्किट और ढांढस के सहारे समय गुजरा। देर रात जब होटल लौटे, तब भी किसी ने खाने तक को नहीं छुआ। डर हर चेहरे पर साफ था।”
अब श्रीनगर भी सुरक्षित नहीं?
पर्यटकों का कहना है कि अब श्रीनगर में भी ज्यादा दिन रुकना सुरक्षित नहीं लग रहा, लेकिन रास्ते बंद हैं। रामबन रोड पर लैंडस्लाइड और सुरक्षागत कारणों से सड़कें सील हैं। लोग कटरा या जम्मू की ओर निकलने की तैयारी में हैं, लेकिन कुछ तय नहीं।
पत्रकारों की जुबानी – 10-15 किलोमीटर दूर थे हम
रायपुर से पत्रकार रामअवतार तिवारी ने बताया, “हम घटना के वक्त लगभग 10-15 किलोमीटर दूर थे, पहलगाम की ओर ही जा रहे थे। लेकिन आर्मी ने रोक दिया। तभी पता चला कि फायरिंग हुई है, एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियों का आना-जाना लगा हुआ था। सभी को श्रीनगर लौटने के निर्देश दिए गए।”
मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से संपर्क में पर्यटक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा लगातार पर्यटकों से संपर्क में हैं। गृहमंत्री ने फेसबुक पोस्ट में पुष्टि की है कि इस हमले में रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया की मौत हुई है। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की है।
फिलहाल सभी सुरक्षित, लेकिन कब तक?
पर्यटक फिलहाल श्रीनगर में सुरक्षित हैं, लेकिन वहां से कब निकल पाएंगे, यह स्पष्ट नहीं है। वे लगातार स्थानीय प्रशासन और ट्रैवल एजेंसी से संपर्क में हैं और बेहतर व्यवस्था की उम्मीद कर रहे हैं।