CG News : दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, 3 माओवादी ढेर
CG News : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर के भैरमगढ़ इलाके में आज सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ सुबह लगभग 9 बजे शुरू हुई और समाचार लिखे जाने तक दोनों तरफ से लगातार फायरिंग जारी थी।
इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने बहादुरी दिखाते हुए 3 माओवादियों को मार गिराया है। घटनास्थल से तीनों नक्सलियों के शव के साथ हथियार भी बरामद किए गए हैं।
जिले के पुलिस अधीक्षक ने की मुठभेड़ की पुष्टि
दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव राय ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को बीजापुर के इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें लगभग 400 जवानों की एक बड़ी टीम को इलाके में रवाना किया गया था।
एसपी गौरव राय ने बताया कि यह दंतेवाड़ा और बीजापुर पुलिस का एक संयुक्त ऑपरेशन था। फिलहाल इलाके में सर्च अभियान जारी है और मुठभेड़ अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि एनकाउंटर में माओवादियों को भारी नुकसान होने की संभावना है और मुठभेड़ समाप्त होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी कि नक्सलियों को कितना नुकसान हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, मारे गए दो नक्सलियों में से एक के इस साल 6 जनवरी को बीजापुर जिले के अंबेली में हुए दर्दनाक ब्लास्ट की घटना में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। उस घटना में नक्सलियों ने एक आईईडी ब्लास्ट कर जवानों से भरे वाहन को उड़ा दिया था, जिसमें 8 वीर जवान और एक वाहन चालक शहीद हो गए थे।
सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी सफलता
यह सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी सफलता है। हाल ही में, दंतेवाड़ा और बीजापुर बॉर्डर पर ही सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली लीडर रेणुका उर्फ बानू को मार गिराया था। रेणुका दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) की एक महत्वपूर्ण सदस्य थी और उसके पास से एक इंसास राइफल, गोला बारूद और एक लैपटॉप बरामद हुआ था।
इससे पहले, 25 मार्च को भी सुरक्षाबलों ने बस्तर रेंज में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली सुधीर उर्फ सुधाकर समेत 3 नक्सलियों को मार गिराया था। बस्तर रेंज में इस साल 2025 में अब तक जवानों ने 119 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।
6 दिन पहले हुआ था शाह का दौरा
गौरतलब है कि 6 दिन पहले ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर के दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने दंतेवाड़ा में एक महत्वपूर्ण बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अगले चैत्र नवरात्रि तक बस्तर से लाल आतंक पूरी तरह से खत्म हो जाएगा और बस्तर अब नक्सलवाद के खात्मे के कगार पर है। उन्होंने नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील भी की थी और स्थानीय लोगों से नक्सलियों का सरेंडर कराकर गांवों को नक्सल मुक्त बनाने का आह्वान किया था, जिसके लिए उन्होंने हर गांव को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की थी।