रायपुर में “पैसा बढ़ाने” के नाम पर BJP पार्षद से ठगी: 3.50 लाख लेकर तांत्रिक फरार, नकली नोटों से भरा बैग थमाया
रायपुर: तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों को कई गुना करने का लालच देकर रायपुर में एक बीजेपी पार्षद से 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। कथित तांत्रिकों ने अनुष्ठान के बाद नकली नोटों से भरा झोला थमाया और असली रकम लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ठक्कर बापा वार्ड के पार्षद रुस्तम कुर्रे की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 3.5 लाख रुपए, एक मोबाइल फोन और अपाचे बाइक जब्त की गई है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
पुलिस के मुताबिक, पार्षद रुस्तम कुर्रे की पहचान करीब एक साल पहले भिलाई सुपेला निवासी राहुल भारती से हुई थी। शुरुआत में राहुल ने काम की तलाश के बहाने संपर्क बढ़ाया और बाद में लगातार फोन करने लगा। 4 फरवरी 2026 के बाद उसने यह दावा किया कि उसके जान-पहचान में मयंक दास नाम का तांत्रिक है, जो तंत्र-मंत्र से पैसों को 100 गुना तक बढ़ा सकता है।
कार्यालय में कराया गया अनुष्ठान
6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे, राहुल और मयंक गुढ़ियारी स्थित पार्षद के कार्यालय पहुंचे। वहां पूजा-पाठ की तैयारी कराई गई। अनुष्ठान के दौरान तांत्रिक ने नकद राशि की मांग की, जिस पर पार्षद ने 500-500 रुपए के सात बंडलों में कुल 3.50 लाख रुपए सौंप दिए।
श्मशान की मिट्टी का बहाना, फिर फरार
आरोपियों ने पार्षद को बाहर बैठने को कहा और रात करीब 10:30 बजे तक पूजा चलती रही। इसके बाद दोनों ने श्मशान से मिट्टी लाने की बात कही और नोटों से भरा एक बैग देकर बाइक से निकल गए। काफी देर तक वापस न आने पर जब बैग खोला गया, तो उसमें असली नोटों की जगह नकली नोटों के बंडल निकले। आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद मिले।
4 घंटे में भिलाई से गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को भिलाई से पकड़ लिया। पुलिस ने पूरी 3.5 लाख रुपए की रकम भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले बिलासपुर में भी पैसों को करोड़ों में बदलने का झांसा देने का वीडियो सामने आया था, जिसमें कथित तांत्रिक अनुष्ठान के दौरान पैसों की “बारिश” दिखाता नजर आया था।