रायपुर के फतेशाह मार्केट में रंगदारी विवाद, पैसे नहीं देने पर मारपीट
रायपुर के फतेशाह मार्केट में देर रात रंगदारी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति ने मैकेनिक समेत कई लोगों से मारपीट की और धमकी दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पीड़ितों ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है आरोप?
शिकायतकर्ता इमरान खान ने पुलिस को बताया कि वह ‘न्यू प्रीमियर ऑटो रिपेयरिंग वर्कशॉप’ नाम से दुकान संचालित करते हैं। 18 फरवरी की रात करीब 9:20 बजे आरोपी वसीम खान उर्फ मम्मा वहां पहुंचा और कथित रूप से शराब के लिए 500–1000 रुपए की मांग की।
पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की। दुकान में काम कर रहे फैजान से भी पैसे मांगे गए। मना करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई।
ग्राहक और अन्य लोगों से भी विवाद
पीड़ितों के अनुसार, दुकान में मौजूद ग्राहक मोईन से भी पैसे मांगे गए। विरोध करने पर हथौड़ी से हमला करने की कोशिश की गई। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की सूचना है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में तथ्यों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
देर रात थाने पहुंचे लोग
घटना के बाद पीड़ित के साथ समुदाय के कुछ लोग भी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी ने दोबारा आकर धमकी दी।