भिलाई स्टील प्लांट में सीरियल बाइक चोरी का खुलासा, इंजीनियर निकला मास्टरमाइंड
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की पार्किंग से लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि गिरोह का सरगना मैकेनिकल इंजीनियर है, जो पहले प्लांट में संविदा कर्मचारी रह चुका था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर 31 लाख रुपये कीमत की 31 बाइक बरामद की हैं।
CCTV में लंगड़ाती चाल से मिला सुराग
7 नवंबर 2025 को हुई एक चोरी की वारदात का CCTV फुटेज जांच में अहम साबित हुआ। फुटेज में आरोपी हल्का लंगड़ाकर चलता दिखा। पैर में लगी लोहे की रॉड के कारण उसकी चाल अलग थी। इसी पहचान के आधार पर पुलिस ने ट्रैकिंग शुरू की और आरोपी तक पहुंच गई।
रायपुर से बस में आता, मेन गेट पार्किंग बनाता था निशाना
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी रायपुर से बस में बैठकर भिलाई पहुंचता था। पावर हाउस चौक पर उतरने के बाद पैदल ही BSP के मेन गेट की पार्किंग तक जाता और मास्टर चाबी की मदद से खासकर होंडा साइन मॉडल की बाइक चुरा लेता था।
बताया जा रहा है कि जून 2024 से वह लगातार इस तरीके से वारदात कर रहा था।
जशपुर में खपाई जाती थीं चोरी की बाइक
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए वाहन जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र में दो सहयोगियों को सौंपे जाते थे। पुलिस ने वहां दबिश देकर 11 बाइक बरामद कीं और दोनों सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया। वे मैकेनिक का काम करते थे और गाड़ियों को ठिकाने लगाने में मदद करते थे।
किन-किन स्थानों से हुई चोरी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जनवरी से 14 दिसंबर 2025 के बीच कुल 31 बाइक चोरी हुईं।
-
19 बाइक BSP मेन गेट पार्किंग से
-
4 बाइक बोरिया गेट पार्किंग से
-
2 बाइक गणेश पंडाल क्षेत्र से
-
2 बाइक सेक्टर-1 गार्डन से
-
1 बाइक बिलेट यार्ड कंट्रोल रूम के बाहर से
-
1 बाइक चाइना मार्केट सेक्टर-3 से
-
1 बाइक बीटीआई भवन पार्किंग से
-
1 बाइक आईआर विभाग कार्यालय के बाहर से
भिलाई-भट्टी थाना क्षेत्र में ही 23 से अधिक मामले दर्ज हैं। अन्य थानों में भी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।
मुख्य आरोपी की पृष्ठभूमि
मुख्य आरोपी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और पहले BSP में ठेका आधार पर काम कर चुका था। प्लांट की पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रणाली की जानकारी होने का उसने फायदा उठाया।
देश की बड़ी परियोजनाओं में BSP की भूमिका
Steel Authority of India Limited के अधीन संचालित भिलाई इस्पात संयंत्र देश की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में से एक है। यहां निर्मित स्टील का उपयोग Chenab Rail Bridge, Bandra-Worli Sea Link, Atal Setu और INS Vikrant जैसी राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं में किया गया है।