कोंडागांव में नवदंपती को विवाह पर संविधान भेंट, जागरूकता की अनूठी पहल
कोंडागांव जिला मुख्यालय में बाबा साहेब अंबेडकर सेवा संस्था ने भारतीय संविधान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल की। संस्था ने एक विवाह समारोह के दौरान नवदंपती को भारतीय संविधान की प्रति भेंट कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
ग्राम खुटपारा में हुआ आयोजन
कार्यक्रम ग्राम पंचायत खुटपारा, सोनाबाल (तहसील मर्दापाल, जिला कोंडागांव) में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जगत नेताम के पुत्र और पुत्रवधू को मंच से संविधान की प्रति प्रदान की गई। संस्था के प्रतिनिधियों ने दंपती के सुखद, समरस और न्यायपूर्ण वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि विवाह जैसे पावन अवसर पर संविधान भेंट करना समानता, अधिकार और कर्तव्य आधारित जीवन का संदेश देता है।
संविधान के आदर्शों पर चलने का आह्वान
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक सुधराम मरकाम, पूर्व अध्यक्ष मुकेश मार्कंडे, हितेंद्र कुमार श्रीवास और संदीप कोर्राम उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के मूल आदर्श – न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व – को जीवन में आत्मसात करने पर जोर दिया।
वर्षों से चला रहा है जनजागरण अभियान
संस्था लंबे समय से सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में संविधान की प्रतियां वितरित कर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। इसके साथ ही दबे-कुचले समाज के महापुरुषों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके विचारों को जनमानस तक पहुंचाया जाता है।
संविधान को सामाजिक जीवन से जोड़ने की यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह प्रयास नई पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।