CG News : कोरबा में भाजपा नेत्री ने आदिवासी किसान को पीटा, थाना परिसर में हुई मारपीट का वीडियो वायरल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक भाजपा नेत्री द्वारा आदिवासी किसान की पिटाई का मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय प्रशासन और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मारपीट की यह घटना बांकी मोंगरा थाना परिसर में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में भाजपा की पूर्व नगर पालिका सदस्य ज्योति महंत को बलवंत सिंह कंवर नामक किसान को थप्पड़ मारते और धमकाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में वह कहती हैं, “अगर गाली नहीं दी, तो माफी क्यों मांगी? मरना है तो मर जा, मुझे फर्क नहीं पड़ता।”
क्या है विवाद की पूरी कहानी?
मामला ग्राम बरेडिमुड़ा का है, जहां किसान बलवंत सिंह अपने बैल के साथ सड़क से गुजर रहा था। महिला का आरोप है कि उसने उन्हें गाली दी। जबकि किसान का कहना है कि वह फोन पर बात करते हुए गुजर रहा था, और उसने किसी अन्य को गाली दी थी, नेत्री को गलतफहमी हुई।बलवंत सिंह ने आरोप लगाया कि ज्योति महंत और उनके साथियों ने उसे जबरन बांकी मोंगरा थाने ले जाकर दोबारा पीटा, और उसे 3-4 हजार रुपए देकर छोड़ा गया।
राजनीतिक प्रतिक्रिया और आदिवासी विधायक की नाराज़गी
इस घटना को लेकर रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, “थाना परिसर में एक आदिवासी किसान के साथ इस तरह की बर्बरता शर्मनाक है। भाजपा नेत्री को न कानून का डर है, न प्रशासन का।”
थाना प्रभारी का बयान और जांच की स्थिति
थाना प्रभारी तेज कुमार यादव ने पुष्टि की है कि पिटाई की घटना थाना परिसर में हुई, लेकिन किसी पक्ष ने अभी तक शिकायत नहीं दर्ज कराई है। पैसे लेने के आरोप को उन्होंने पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर थाने में पुलिस की मौजूदगी में यह हो सकता है, तो आमजन सुरक्षित कैसे रहेंगे? सभी की मांग है कि भाजपा नेत्री पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।