CG News : शिक्षिका से इवनिंग वॉक के दौरान कट्टे की नोक पर 4 तोले की चेन लूटी, CCTV से सुराग तलाश रही पुलिस
CG News : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बदमाशों ने एक बार फिर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। यह घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र की है, जहां DAV पब्लिक स्कूल विश्रामपुर की शिक्षिका नीलम पांडेय से कट्टे की नोक पर 4 तोले सोने की चेन लूट ली गई। शिक्षिका अपने सेवानिवृत्त पति के. पांडेय के साथ मंगलवार शाम इवनिंग वॉक पर निकली थीं।
शाम 7.30 बजे इवनिंग वॉक से लौट रहे थे, तभी घटी घटना
घटना मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे की है। नीलम पांडेय और उनके पति SECL विश्रामपुर क्षेत्र की 2A कॉलोनी के पास मुख्य मार्ग से होते हुए अपने घर लौट रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और उन्होंने अचानक गाड़ी रोक दी।
बदमाशों ने ताना कट्टा
बाइक पर पीछे बैठे दो युवक तुरंत नीचे उतरे और नीलम पांडेय के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश करने लगे। जब शिक्षिका ने अपना बचाव करते हुए छाते से हमला किया, तो एक बदमाश ने कट्टा तान दिया और गोली मारने की धमकी दी। इस धमकी से घबराकर नीलम पांडेय पीछे हट गईं, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने चेन लूट ली। बदमाशों द्वारा किए गए धक्का-मुक्की में नीलम पांडेय ज़मीन पर गिर पड़ीं, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्हें तत्काल SECL केंद्रीय चिकित्सालय विश्रामपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
CCTV फुटेज से लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद विश्रामपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लूट की गई चेन की कीमत लगभग 4 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि लुटेरों ने वारदात से पहले रैकी की थी। थाना प्रभारी टीआई अलरिक लकड़ा ने बताया कि कॉलोनी के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।घटना ऑफिसर्स कॉलोनी के मुख्य मार्ग में हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। आमतौर पर शांत माने जाने वाले इस क्षेत्र में हुई इस दुस्साहसी वारदात ने स्थानीय निवासियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।