CG News: असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम पर कार्रवाई की मांग, NSUI आज करेगी विरोध प्रदर्शन
रायपुर: नकली दवाओं के कारोबारियों से कथित मिलीभगत के आरोपों में घिरे असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई न होने को लेकर NSUI ने विरोध का रास्ता अपनाया है। संगठन ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। NSUI का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान वे प्रतीकात्मक रूप से संजय नेताम को 5 लाख रुपए नकद देने की पेशकश करेंगे और उनसे दवा माफियाओं से कथित लेन-देन बंद करने की अपील करेंगे। संगठन इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सांकेतिक विरोध बता रहा है।
टैन कैफे में मुलाकात का आरोप
NSUI ने आरोप लगाया है कि रायपुर स्थित टैन कैफे में संजय नेताम की नकली दवाओं के कारोबार से जुड़े लोगों के साथ बैठक का वीडियो सामने आया था। संगठन का कहना है कि मामला सार्वजनिक होने के बावजूद न तो अधिकारी के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई हुई और न ही नकली दवाओं के नेटवर्क पर ठोस कदम उठाए गए।
सरकार पर संरक्षण देने का आरोप
NSUI नेताओं का आरोप है कि पूरे प्रकरण में बीजेपी सरकार दोषी अधिकारियों को बचाने का काम कर रही है। संगठन का कहना है कि यह मामला सत्ता संरक्षण का उदाहरण है, जिसमें जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर अपराधों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
नकली दवाएं जनता की जान से जुड़ा मुद्दा
NSUI ने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार सीधे तौर पर आम लोगों की जान और स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। अगर नियामक अधिकारी ही इसमें लिप्त पाए जाते हैं, तो पूरे सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
यह प्रदर्शन NSUI रायपुर जिला अध्यक्ष शान्तनु झा के नेतृत्व में किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन राज्य स्तर पर आंदोलन को और तेज करेगा।