मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य आगाज़: 13 फरवरी से सजेगा ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’, मनोज तिवारी और कनिका कपूर होंगे मुख्य आकर्षण
छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में एक बार फिर सांस्कृतिक रौनक लौटने जा रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैनपाट महोत्सव 2026 का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में संगीत, लोक कला, रोमांच और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और लंबे समय बाद इस आयोजन को बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रोमांच का तड़का
महोत्सव के दौरान दर्शकों के लिए एडवेंचर गेम्स, बोटिंग, झूले, भव्य मेला और दंगल जैसे आयोजन रखे गए हैं। राज्य शासन ने आयोजन के लिए 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। प्रशासन का लक्ष्य मैनपाट को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

पहले दिन मनोज तिवारी करेंगे मंच संभाल
13 फरवरी (शुक्रवार) को उद्घाटन समारोह के बाद भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी अपनी गायकी से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। इसी दिन छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के प्रसिद्ध छउ नृत्य कलाकार हरिपद मोहंता भी प्रस्तुति देंगे। स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
दूसरे दिन छत्तीसगढ़ी कलाकारों की धूम
14 फरवरी (शनिवार) को मंच पूरी तरह छत्तीसगढ़ी कलाकारों के नाम रहेगा। इस दिन सरगुजा के चर्चित गायक स्वप्निल जायसवाल, छत्तीसगढ़ी लोकगायिका अलका चंद्राकर और रियलिटी शो फेम वैशाली रायकवार अपनी प्रस्तुतियां देंगी। ओडिशा के कलाकारों की सहभागिता भी इस दिन विशेष रहेगी।
समापन पर कनिका कपूर बिखेरेंगी सुरों का जादू
15 फरवरी (रविवार) को महोत्सव का भव्य समापन होगा। अंतिम दिन बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर अपने हिट गानों से समां बांधेंगी। इसके साथ ही रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और युवा गायक आयुष नामदेव भी मंच पर प्रस्तुति देंगे।
एडवेंचर और मौसम बनेगा खास आकर्षण
मैनपाट की प्राकृतिक खूबसूरती और ठंडा मौसम सैलानियों को खासा आकर्षित करता है। ठंड के दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक रहती है। महोत्सव के दौरान पैरा सेलिंग, नौकाविहार और अन्य एडवेंचर एक्टिविटीज रोमांच पसंद करने वालों के लिए खास होंगी। इसके अलावा आयोजन स्थल पर लगने वाला मेला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।