CG News: 10 दिवसीय कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का समापन आज, पवन खेड़ा करेंगे संबोधित
CG News: अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर का समापन 29 जून को होगा। कार्यक्रम के अंतिम दिन पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संबोधित करेंगे।
भूपेश बघेल ने दिए संगठन संचालन के टिप्स
शिविर के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को संगठन को मजबूत बनाने और राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का उपयोग जनता की आवाज उठाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए किया जाना चाहिए।
जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने की सलाह
भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने से संगठन की पकड़ मजबूत होगी, प्रशिक्षण सत्र में कांग्रेस की विचारधारा, पार्टी के इतिहास और राज्य में पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान संचालित प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही देश के विकास में कांग्रेस की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
आदिवासी और अल्पसंख्यक मुद्दों पर विशेष सत्र
कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग सत्र लिए। आदिवासी अधिकार, जल-जंगल-जमीन, सामाजिक न्याय और अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर जिला अध्यक्षों को विस्तृत जानकारी दी गई, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रशिक्षण शिविर के दौरान लगातार मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संगठनात्मक रणनीतियों पर चर्चा की।
श्रमदान कार्यक्रम में भी लेंगे हिस्सा
प्रशिक्षण के नौवें दिन जिला अध्यक्षों को लखना गांव ले जाया जाएगा, जहां वे श्रमदान कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसका उद्देश्य सामाजिक सहभागिता और जनसंपर्क गतिविधियों को बढ़ावा देना है, 29 जून को आयोजित समापन समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता पवन खेड़ा शामिल होंगे। माना जा रहा है कि वे आगामी राजनीतिक चुनौतियों, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण संदेश देंगे।