Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ में लुका-छिपी खेलते वक्त कुएं में गिरी बच्ची, मौत
Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें एक आठ साल की बच्ची की कुएं में गिरने से मौत हो गई। यह घटना रविवार दोपहर की है, जब सुप्रिया कश्यप नामक बच्ची मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ लुका-छिपी खेल रही थी। सुप्रिया के परिजन और मोहल्ले के लोग रामनवमी की ध्वजा यात्रा में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे, तो घर में सुप्रिया का कोई पता नहीं चला।
जानिये पूरा मामला
परिजनों ने पहले यह सोचा कि वह रामनवमी के मेले में चली गई होगी, लेकिन जब वह शाम 6 बजे तक घर नहीं लौटी, तो उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। मोहल्ले के अन्य बच्चों ने बताया कि सुप्रिया उनके साथ खेल रही थी, लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। इस पर परिजन रात करीब 9 बजे मोहल्ले के बिंदे के घर पहुंचे। बिंदे ने बताया कि उसने कुएं से गिरने की आवाज सुनी थी। इसके बाद, परिजनों ने कुएं में झग्गर डाला, और सुप्रिया का शव उसमें फंसकर ऊपर आ गया। शव मिलने से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों ने शव का पोस्टमॉर्टम कर पानी में डूबने को मौत का कारण बताया। कुएं में लगभग 5 फीट पानी था, जिसमें गिरकर सुप्रिया की जान चली गई।
सुप्रिया नवीन प्राथमिक शाला बाजारपारा में कक्षा तीसरी की छात्रा थी। उसकी मौत से परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। इस घटना ने न केवल परिजनों को तोड़ा, बल्कि पूरे मोहल्ले को भी हिलाकर रख दिया। इस दुखद हादसे से एक बार फिर यह संदेश मिलता है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए हमें और सतर्क रहने की आवश्यकता है, ताकि ऐसे हादसे रोके जा सकें।