CG Weather: प्रदेश में मानसून फिर एक्टिव, कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियों ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बस्तर और रायपुर संभाग के कुछ जिलों में तेज बारिश हुई. मौसम विभाग ने 14 सितंबर को प्रदेश में मौसम बदलने का अनुमान जताया है. कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे, जबकि कुछ जगहों पर धूप निकल सकती है. गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.
धमतरी में बारिश का ज्यादा असर
बारिश का सबसे ज्यादा असर धमतरी जिले में देखने को मिला है. जल संसाधन विभाग के अनुसार गंगरेल बांध से महानदी में पानी छोड़ा जा रहा है और बांध के कई गेट खोले गए हैं. जिले के मॉडमसिल्ली बांध क्षेत्र में भी तेज बहाव के कारण हादसा सामने आया, जहां 12 सितंबर की देर शाम गेदारापारा के रपटा के पास मछली पकड़ रहे मामा-भांजे तेज पानी की चपेट में आकर बह गए. इस घटना के बाद इलाके में प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है.
रायपुर में सबसे ज्यादा तापमान
मौसम के बदलते मिजाज के बीच रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले समय में प्रदेश के कई हिस्सों में बादल और धूप का दौर साथ-साथ देखने को मिलेगा. बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में राहत मिल सकती है, जबकि उमस भी बनी रह सकती है. तापमान 27 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
इन संभागों में तेज बारिश का अलर्ट
रायपुर संभाग के रायपुर, धमतरी, महासमुंद और बलौदाबाजार में आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है. बिलासपुर, जांजगीर और कोरबा समेत आसपास के क्षेत्रों में घने बादल और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है. दुर्ग और बेमेतरा में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है. बस्तर संभाग के दक्षिणी हिस्सों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है, जबकि सरगुजा और आसपास के इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है.
मौसम विभाग ने जारी की सावधानी
तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. विभाग के अनुसार आंधी या बिजली चमकने की स्थिति में बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाकर सुरक्षित जगह पर रहना चाहिए. खासतौर पर बारिश के दौरान नदी, नाले और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है. अगले कुछ घंटों में मौसम के तेजी से बदलने की संभावना को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है.