CG News : रायपुर में लगेगी अत्याधुनिक ट्रांसफॉर्मर यूनिट, करमवीर इलेक्ट्रॉनिक्स करेगा 300 करोड़ का निवेश
CG News : छत्तीसगढ़ विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने की दिशा में एक और बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। देश की प्रतिष्ठित कंपनी करमवीर इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने रायपुर में अत्याधुनिक ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष प्रस्तुत किया है। इस परियोजना में 300 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा।
रायपुर बनेगा प्रमुख ट्रांसफॉर्मर हब
इस यूनिट की स्थापना से छत्तीसगढ़ को देश के सबसे बड़े ट्रांसफॉर्मर निर्माण केंद्रों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। कंपनी के प्रबंध निदेशक विवेक जैन ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और इस औद्योगिक परियोजना की रूपरेखा, संभावनाएं और रोजगार सृजन के आयामों पर विस्तार से चर्चा की।
तकनीकी दृष्टि से देश की सबसे उन्नत यूनिट
विवेक जैन ने बताया कि यह निर्माण इकाई तकनीकी रूप से देश की सबसे उन्नत यूनिट होगी, जो ऊर्जा क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी। इसमें अत्याधुनिक मशीनें, पर्यावरण-संवेदनशील निर्माण पद्धतियां और दक्ष श्रमिकों को शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का स्वागत, आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की ओर कदम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा,
“हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़, विकसित भारत 2047 के निर्माण में एक मजबूत स्तंभ बने। यह निवेश सिर्फ एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है।”
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस परियोजना को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
रोजगार, औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र में क्रांति की तैयारी
इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, बिजली क्षेत्र का आधुनिकीकरण होगा और राज्य का औद्योगिक आधार और मजबूत होगा। यह पहल “मेक इन छत्तीसगढ़” के विजन को भी साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बैठक में रहे ये अधिकारी उपस्थित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और छत्तीसगढ़ के इनवेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सेन भी बैठक में मौजूद थे।