CG News: छत्तीसगढ़ में बयान पर मचा हंगामा, अग्रवाल समाज ने जताया आक्रोश
CG News: छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति टूटने पर विवादित बयान देने वाले छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल के खिलाफ प्रदेशभर में विरोध तेज हो गया है। अग्रवाल समाज ने बघेल पर महाराजा अग्रसेन और अन्य महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर और सार्वजनिक माफी की मांग की है।
जानिए पूरा मामला
रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति पर तोड़फोड़ के बाद आरोपी मनोज सतनामी (पुसौर, सारंगढ़) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ और नशे की हालत में था। घटना के बाद प्रतिमा को पुनः स्थापित किया गया और मामले की जांच जारी है।
विवादित बयान और आग भड़कना
छत्तीसगढ़ क्रांति सेना तथा जोहार छत्तीसगढ़ के प्रमुख अमित बघेल ने इस घटना के बाद दिए बयान में पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी व महाराजा अग्रसेन सहित कुछ राष्ट्रीय मतरूपों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे अग्रवाल समाज में गहरा आक्रोश फैल गया। बघेल के शब्दों को अपमानजनक बताते हुए समाज के प्रतिनिधियों ने उनकी माफी और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
FIR और आंदोलन की धमकी
रायपुर, रायगढ़, सरगुजा सहित कई जिलों में अग्रवाल समाज ने प्रदर्शन कर पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग की। रायगढ़ में प्रतिनिधियों ने SP को ज्ञापन सौंपा, जबकि सरगुजा में कोतवाली के समक्ष धरना चला। समाज के नेता चेतावनी दे रहे हैं कि अगर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच और वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।