CG News: NEET परीक्षा से पहले Telegram पर सख्ती, सरकार ने 22 जून तक लगाया प्रतिबंध
CG News: नीट (NEET) परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। परीक्षा से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Telegram के उपयोग पर 22 जून 2026 तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह फैसला नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिशों के बाद लिया गया है।
भारत में Telegram का एक्सेस सीमित
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत निर्देश जारी किया है। इसके अनुसार भारत में Telegram का एक्सेस निर्धारित अवधि तक सीमित रहेगा। यह अवधि NEET (UG) 2026 की पुनः परीक्षा और उसके तुरंत बाद के समय को भी कवर करती है।
मैसेज एडिटिंग फीचर पर भी रोक
NTA के अनुसार Telegram पर पहले पोस्ट किए गए संदेशों के लिए मैसेज एडिटिंग फीचर को भी 30 जून 2026 तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि परीक्षा से जुड़े मामलों में बाद में सबूतों से छेड़छाड़ या फर्जी जानकारी तैयार न की जा सके, NTA ने बताया कि कुछ गिरोह Telegram का इस्तेमाल छात्रों को गुमराह करने के लिए करते थे। इन समूहों के जरिए फर्जी पेपर लीक के दावे कर छात्रों से ठगी की जाती थी। इसी तरह की शिकायतों के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है।
छात्रों को गुमराह करने का आरोप
अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्रों को नकली जानकारी देकर भ्रमित किया जाता था और आर्थिक ठगी की घटनाएं सामने आती थीं। इससे परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर असर पड़ता था।
NEET परीक्षा की नई तारीख
पेपर लीक के मामलों के चलते NEET परीक्षा 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। सरकार का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकना और छात्रों को सुरक्षित व निष्पक्ष माहौल प्रदान करना है। इसी के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अस्थायी प्रतिबंध जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।