CG News : धमतरी में ज्वेलर्स दुकान पर सनसनीखेज हमला, पिता-बेटी घायल, हमलावर फरार
CG News : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक ज्वेलर्स दुकान पर हुई सनसनीखेज वारदात का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दो नकाबपोश हमलावरों को दुकान में घुसते और संचालक तथा उसकी बेटी पर जानलेवा हमला करते हुए देखा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात करीब 8:40 बजे पावर हाउस के सामने स्थित बरडिया ज्वेलर्स में हुई। नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर पहले संचालक भंवर बरडिया के सिर पर रिवॉल्वर की बट से वार किया, फिर उनकी बेटी नैना बरडिया पर गोली चला दी। दोनों घायल हो गए और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
फायरिंग की पुष्टि, एयर गन की आशंका
धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में फायरिंग एयर गन से होने की संभावना जताई गई है। नैना के पैर में छर्रे के निशान पाए गए हैं, जिससे यह बात सामने आई है।
लूट की कोशिश, लेकिन नहीं हुई चोरी
फिलहाल पुलिस को यह संदेह है कि घटना लूट के इरादे से की गई थी, हालांकि दुकान से कुछ भी चोरी नहीं हुआ है। इसलिए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया और सबूत इकट्ठा किए गए।
सुरक्षा को लेकर उठी आवाज
इस घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल है। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।