CG News: स्कूल पर टेंट संचालक का कब्जा, पेड़ के नीचे लग रही कक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ में सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का अथक प्रयास कर रही है, लेकिन गरियाबंद जिले के नवागांव प्राथमिक विद्यालय में बच्चे कड़ी धूप- बारिश में भी पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं, क्योंकि गाँव के विद्यालय की मरम्मत के लिए सालभर बीत गया है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है, क्योंकि भवन पर टेंट संचालकों ने कब्ज़ा भी कर लिया है.
मरम्मत की राशि खत्म होने के कगार पर
विद्यालय भवन मरम्मत के लिए एक साल पहले 1.49 लाख रुपए की मंजूरी मिली थी, लेकिन भवन पर कब्जे के कारण विद्यालय प्रबंधन मरम्मत का कार्य नहीं करा पा रही है, इस बारे में कई बार रिपोर्ट भी भेजी जा चुकी है, लेकिन बड़े अफसरों ने स्कूल प्रबंधन का साथ नहीं दिया और ग्राम पंचायत भी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए बैठा है
पेड़ के नीचे पाठशाला
स्कूल भवन में एक अलग से छोटा सा कक्ष है, उसी में 4 कक्षाएं, जिनमें 34 बच्चे अध्यनरत हैं और स्कूल दफ्तर संचालित होता है, वहीं कक्षा 5 वीं का संचालन स्कूल के बाहर बरगद पेड़ के नीचे होता है और बारिश होने पर सभी को एक हीं कमरे में बैठाया जाता है.
देवभोग ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि, ग्राम सरपंच से संपर्क कर भवन खाली कराने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है और अगर संचालकों द्वारा भवन खाली नहीं किया जाता है तो पुलिस की सहायता ली जाएगी.