CG News: रायपुर नगर निगम सख्त, बकाया टैक्स नहीं चुकाने वालों पर कुर्की और सीलबंदी की तैयारी
CG News: रायपुर नगर निगम अब बकाया टैक्स वसूली को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बड़े बकायादारों से सीधे संपर्क कर उन्हें जल्द भुगतान करने के लिए कहा जा रहा है, निगम प्रशासन मोबाइल कॉल और मैसेज के जरिए लोगों को बकाया राशि जमा करने की सूचना दे रहा है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि भुगतान न करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
छुट्टियों में भी खुले रहेंगे काउंटर
28, 29 और 31 मार्च को भी निगम के सभी जोन कार्यालयों के राजस्व काउंटर खुले रहेंगे, ताकि नागरिक आसानी से टैक्स जमा कर सकें, ‘मोर रायपुर’ ऐप और निगम की वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे टैक्स जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। नागरिकों से डिजिटल भुगतान का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई है।
31 मार्च के बाद बढ़ेगा बोझ
निगम ने साफ किया है कि तय समय सीमा तक टैक्स जमा नहीं करने पर 17% अतिरिक्त अधिभार लगाया जाएगा, जिससे बकायादारों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाएगा, लंबे समय से टैक्स नहीं भरने वालों के खिलाफ कुर्की और संपत्तियों की सीलबंदी जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।