CG News: श्रावणी मेला के लिए रेलवे की सौगात, बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वालों के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
CG News: श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है. बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा. यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 5-5 फेरे लगाएगी.
हर शनिवार इतवारी से होगी रवाना
गाड़ी संख्या 08895 प्रत्येक शनिवार, यानी 1, 8, 15, 22 और 29 अगस्त को सुबह 4:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से रवाना होगी. यह ट्रेन गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 6 बजे मधुपुर पहुंचेगी.
रविवार को होगी वापसी
गाड़ी संख्या 08896 प्रत्येक रविवार, यानी 2, 9, 16, 23 और 30 अगस्त को सुबह 9 बजे मधुपुर से रवाना होगी. वापसी के दौरान यह ट्रेन रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन सुबह 11:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पहुंचेगी.
20 कोच के साथ चलेगी विशेष ट्रेन
रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 4 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे. इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सुविधा मिल सकेगी.
यात्रियों के लिए रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय, स्टॉपेज और सीटों की उपलब्धता की जानकारी आधिकारिक रेलवे माध्यमों से अवश्य जांच लें. श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए समय रहते टिकट बुक कराने की भी सलाह दी गई है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक रहे.