CG News : छत्तीसगढ़ के दिग्गज नेताओं से पीएम मोदी 19 जुलाई को करेंगे संवाद
CG News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जुलाई को छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक को लेकर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इसे “गौरवपूर्ण अवसर” बताते हुए कहा कि यह संवाद न केवल पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि राज्य के भावी विकास की दिशा और रणनीति तय करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
जन-कल्याणकारी योजनाओं की होगी समीक्षा
बृजमोहन अग्रवाल ने संवाद का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए बताया कि इसका मुख्य मकसद केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि और अमृत मिशन जैसी प्रमुख योजनाएं इस समीक्षा का हिस्सा होंगी।
प्रधानमंत्री स्वयं इन योजनाओं से जनता को हो रहे लाभ की जानकारी लेंगे और यह भी जानेंगे कि किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, ताकि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश के करीब दो दर्जन नेताओं से संवाद करेंगे और जिन प्रमुख नामों की जानकारी सामने आई है, उनमें वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व सांसद अशोक शर्मा और चंद्रशेखर साहू, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, और भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ से पीएम मोदी का गहरा जुड़ाव
यह ध्यान देने वाली बात है कि प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ से पुराना और गहरा नाता है। वह पहले छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी भी रह चुके हैं, और उनका इस राज्य से ‘दिली रिश्ता’ है। वे अक्सर यहां आते रहे हैं और अपने जुड़ाव को सार्वजनिक मंचों पर भी व्यक्त करते रहे हैं।
यह भी पढ़े : CG News : कांकेर में गर्भवती महिला को 4 किमी कीचड़ में पैदल चलना पड़ा, एंबुलेंस दूर