CG News : PDS घोटाले का खुलासा: जनपद उपाध्यक्ष की पत्नी समेत 5 पर FIR, ग्रामीणों में आक्रोश
CG News : वाड्रफनगर जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीबों के लिए आवंटित चावल के वितरण में बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। सरगुजा संभाग के कमिश्नर के निर्देश पर हुई जांच में अनियमितता की पुष्टि के बाद ग्राम पंचायत बेबदी की पंचायत सचिव सीमा जायसवाल समेत 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
कौन-कौन हैं आरोपी?
मुख्य आरोपी सीमा जायसवाल, जो जनपद उपाध्यक्ष पवन जायसवाल की पत्नी भी हैं, पर आरोप है कि उन्होंने हितग्राहियों से अंगूठा लगवाकर चावल खुद हड़प लिया। इस गबन में पूर्व सरपंच जगमति, उनके पति जीतलाल, सहायक विक्रेता संतोष पण्डो और तौलकर्ता कन्हैया लाल भी शामिल बताए जा रहे हैं।
लंबे समय से चल रही थी गड़बड़ी
सूत्रों के अनुसार यह अनियमितता काफी समय से चल रही थी। ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद खाद्य विभाग ने उच्च स्तरीय जांच शुरू की, जिसमें गबन की पुष्टि हुई। इसके बाद सरगुजा संभाग के कमिश्नर ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
रघुनाथनगर थाना में IPC की विभिन्न धाराओं और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राम अवतार ध्रुव ने बताया कि सभी आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी जा चुकी हैं जेल
यह भी सामने आया है कि सचिव सीमा जायसवाल पूर्व में भी एक गबन के मामले में जेल जा चुकी हैं। इसके बावजूद वे अभी तक पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थीं, जिससे प्रशासनिक लापरवाही भी उजागर हो रही है।
घटना के बाद ग्राम पंचायत बेबदी और आसपास के गांवों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जरूरतमंदों का हक मारा जा रहा था और अब जब सच्चाई सामने आई है, तो दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए।